मिशन बेंचमार्क से शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को मिल रही बेहतर सुविधाएं
________________
खाद्य विभाग ने जनसहयोग से दो विद्यालयों को उपलब्ध कराए 40 सेट फर्नीचर, 120 विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
________________
खरगोन 20 नवंबर 202ये। जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद की पहल पर संचालित मिशन बेंचमार्क अब जनसहभागिता का व्यापक अभियान बनता जा रहा है। इस पहल से प्रेरित होकर विभिन्न विभागों, समाजसेवियों, संस्थाओं एवं नागरिकों द्वारा आगे आकर विद्यालयों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग किया जा रहा है।
इसी कड़ी में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जनसहयोग से खरगोन के दो शासकीय प्राथमिक विद्यालयों को विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है। इसके अंतर्गत संजय नगर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत 68 छात्र-छात्राओं के लिए 23 सेट तथा रहीमपुरा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय आस्था ग्राम में अध्ययनरत 52 छात्र-छात्राओं के लिए 17 सेट फर्नीचर उपलब्ध कराए गए हैं। इस प्रकार दोनों विद्यालयों के कुल 120 विद्यार्थियों को 40 सेट फर्नीचर की सुविधा मिलेगी।
जनसहयोग से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव
कलेक्टर श्री प्रसाद की इस पहल का उद्देश्य शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना और बैठने जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। मिशन बेंचमार्क के माध्यम से जिले में जनसहभागिता की नई मिसाल देखने को मिल रही है। विभिन्न विभागों और समाज के जागरूक नागरिकों की सहभागिता से विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 21, 2026