पल्स पोलियो अभियान जागरूकता के लिए निकाली वाहन रैली
________________
22 नवंबर से शुरू होगा तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, जिले में 2 लाख 59 हजार 835 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियोरोधी दवा
________________
खरगोन 20 नवंबर 2026। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से 20 नवंबर को वाहन रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दौलत सिंह चौहान ने पुराना अस्पताल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली पुराना अस्पताल परिसर से एमजी रोड, श्रीकृष्ण टॉकीज, बस स्टैंड एवं गायत्री मंदिर होते हुए जिला चिकित्सालय पहुंची। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चौहान ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए अभियान की निरंतरता बनाए रखना आवश्यक है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. धीरेंद्र पंवार ने बताया कि जिले में 22, 23 एवं 24 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के कुल 2 लाख 59 हजार 835 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 2 हजार 40 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं। इसके साथ ही 2 हजार मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। अभियान में दवा पिलाने के लिए कुल 4 हजार 190 कार्यकर्ताओं की सेवाएं ली जाएंगी। वहीं अभियान की निगरानी एवं सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर 229 पर्यवेक्षकों के दल गठित किए गए हैं। अभियान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दौलत सिंह चौहान ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे 22 नवंबर को अभियान के प्रथम दिन अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियोरोधी दवा अवश्य पिलाएं। अभियान में प्रत्येक बच्चे को दवा पिलाना सुनिश्चित करें, ताकि जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के प्रयासों में निरंतरता बनी रहे।
#JansamparkMP #khargone