मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत भीकनगांव विकासखंड के अंजनगांव में आयोजित हुआ जनविश्वास शिविर
________________
कलेक्टर श्री प्रसाद ने शिविर में पहुंचकर आमजन से किया जनसंवाद, विभागीय सेवाओं का लिया जायजा
________________
युवा उद्यमी कुणाल सोनी की इकाई का किया निरीक्षण, बामनाला में तत्काल हटवाया सड़क किनारे पड़ा कचरा
________________
खरगोन 20 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत भीकनगांव विकासखंड के अंजनगांव में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, खाद्य, शिक्षा, श्रम, सामाजिक न्याय, आयुष्मान भारत, आधार, समग्र ई-केवाईसी, रोजगार एवं स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। यहां पात्र हितग्राहियों को शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ नए आवेदनों का पंजीयन, दस्तावेजों का सत्यापन एवं योजनाओं से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं।
इस दौरान कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने शिविर में पहुंचकर आमजन से जनसंवाद किया। उन्होंने नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए समय पर जांच एवं उपचार कराने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में उद्यम संवाद का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्थानीय उद्यमियों एवं हितग्राहियों से चर्चा कर स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी।
युवा उद्यमी कुणाल सोनी की इकाई का किया निरीक्षण
इस दौरान कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने भीकनगांव निवासी युवा उद्यमी श्री कुणाल सोनी द्वारा संचालित शुद्धति ऑयल मिल, सांगवी रोड, भीकनगांव का निरीक्षण किया। कुणाल सोनी ने उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के माध्यम से डबल फिल्टर्ड शुद्ध मूंगफली तेल तैयार करने की इकाई स्थापित की है।
एमबीए की डिग्री प्राप्त करने के बाद लगभग 9 वर्षों तक निजी क्षेत्र में नौकरी करने वाले कुणाल ने स्वयं का उद्यम स्थापित करने का निर्णय लिया। उन्होंने शुद्ध एवं मिलावट रहित खाद्य तेल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह इकाई शुरू की। इसके लिए उन्हें बैंक ऑफ बड़ौदा के माध्यम से 28 लाख 86 हजार 600 रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। आज उनकी इकाई में तैयार शुद्ध मूंगफली तेल को स्थानीय बाजार में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। साथ ही इस इकाई के माध्यम से 3 से 4 श्रमिकों को प्रतिदिन रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने इकाई का अवलोकन कर उत्पादन प्रक्रिया एवं व्यवसाय की जानकारी ली। उन्होंने युवा उद्यमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं। ऐसे प्रयास स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहित करते हैं।
कचरा देखकर तत्काल सफाई के दिए निर्देश
शिविर में जाते समय कलेक्टर श्री प्रसाद ने बामनाला में सड़क किनारे बदबूदार कचरा पड़ा देखा। इस पर उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को कचरे की सफाई कराने के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में सफाईकर्मियों द्वारा तुरंत सफाई की गई। कलेक्टर श्री प्रसाद के वापस लौटने तक सड़क किनारे पड़ा कचरा पूरी तरह साफ कर दिया गया।
शिविर में जिला अध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे, पुलिस अधीक्षक श्री रवींद्र वर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद कुमार नागदेवे, एसडीएम श्री लोकेश छापरे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone #JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम