
संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक 23 अक्टूबर को रुद्रपुर में, आंदोलन की रणनीति पर होगा मंथन
किसान संगठनों की एकजुटता जरूरी — जगतार सिंह बाजवा
राष्ट्रीय आह्वान पर जिला मुख्यालय में सौंपा जाएगा ज्ञापन
रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर।
संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे गुरुद्वारा आवास विकास, रुद्रपुर के सभागार में विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों और किसान हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन की आगामी रणनीति भी तय की जाएगी।
संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर 23 अक्टूबर को विभिन्न मांगों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों की समस्याओं और उनकी जायज मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य एवं भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने मोर्चे से जुड़े सभी किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से बैठक में समय पर पहुंचने और राष्ट्रीय आह्वान के कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
बाजवा ने कहा कि किसानों के अधिकारों, सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सभी किसान संगठनों का एकजुट होकर संघर्ष करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
उन्होंने सभी किसान संगठनों से एकजुटता बनाए रखने और किसानों के हित में सामूहिक रूप से संघर्ष करने का आह्वान किया।