
बाजपुर न्यूज
कांग्रेस के भूमि बचाओ कार्यक्रम में बाजपुर के 20 गांव की 5838 एकड़ भूमि का मुद्दा गायब, कांग्रेस दे स्पष्टीकरण : बाजवा
सत्ता पक्ष को शह दे रहा है विपक्ष
बाजपुर। कांग्रेस पार्टी द्वारा आज प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर भूमि बचाओ कार्यक्रम आयोजित कर सरकारी जमीनों को निजी कंपनियों को दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में नैनीताल में भी बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया।
इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस के भूमि बचाओ कार्यक्रम में बाजपुर के 20 गांवों की 5838 एकड़ भूमि का मुद्दा पूरी तरह गायब रहा। कांग्रेस ने न तो इस गंभीर मुद्दे का जिक्र किया और न ही इसे अपने कार्यक्रम के एजेंडे में शामिल किया।
बाजवा ने कहा कि बाजपुर के 20 गांवों के हजारों किसान मजदूर व व्यापारी परिवार पिछले कई वर्षों से अपने छीने गए भूमिधरी अधिकारों की बहाली के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह केवल जमीन का मामला नहीं, बल्कि किसानों के अस्तित्व, सम्मान और भविष्य से जुड़ा सवाल है। ऐसे में जब कांग्रेस पूरे प्रदेश में भूमि बचाने की बात कर रही है, तो बाजपुर के किसानों की जमीन और उनके भूमिधरी अधिकारों पर उसकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
उन्होंने कांग्रेस से स्पष्ट रूप से जवाब मांगा कि क्या पार्टी बाजपुर के 20 गांवों की 5838 एकड़ भूमि को किसानों के हक में बचाने और उनके वर्ष 1970 से चले आ रहे वर्ग एक-क के भूमिधरी अधिकारों को बहाल कराने के पक्ष में है या नहीं? यदि है तो इस मुद्दे को अपने राजनीतिक और आंदोलनात्मक एजेंडे में शामिल क्यों नहीं किया गया?
उन्होंने कहा कि भूमि बचाओ का नारा तभी सार्थक होगा, जब बाजपुर के 20 गांवों की 5838 एकड़ भूमि और किसानों के भूमिधरी अधिकारों की लड़ाई को भी पूरी मजबूती से उठाया जाएगा। बाजपुर के किसानों को केवल राजनीतिक नारों और प्रदर्शनों की नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की बहाली के लिए ठोस समर्थन और स्पष्ट राजनीतिक प्रतिबद्धता की आवश्यकता है।