
सीआईए स्टाफ पलवल की टीम ने अवैध देसी कट्टा व दो जिंदा कारतूस सहित एक आरोपी को किया गिरफ्तार
Aonenews अरविन्द बक्शी
जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।
पलवल, 10 सितंबर: पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के दिशा-निर्देशों के तहत अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ पलवल की टीम ने अवैध हथियार सहित एक आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
सीआईए स्टाफ पलवल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह से प्राप्त जानकारी अनुसार हेड कांस्टेबल मनोज कुमार की अगुवाई में उनकी टीम गश्त और जांच के दौरान गदपुरी टोल पलवल के पास मौजूद थी। उसी समय पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि रोहित कुमार निवासी गांव पृथला, थाना गदपुरी, पलवल अपने पास अवैध हथियार रखता है। सूचना के अनुसार, आरोपी रेलवे लाइन के नीचे सर्विस रोड पृथला में अपनी सफेद रंग की आई-20 गाड़ी (नंबर HR 50 K 7858) के पास किसी का इंतजार कर रहा था।
सूचना को पुख्ता मानते हुए सीआईए टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बतलाए गए स्थान पर रेड की। मौके पर गाड़ी के पास खड़े युवक ने पुलिस की गाड़ी को देखकर अपनी कार में बैठने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे मौका पाकर काबू कर लिया।
काबू किए गए युवक की पहचान रोहित कुमार उपरोक्त के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा गाड़ी की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड से एक अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी से हथियार का वैध लाइसेंस या परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इस संबंध में थाना गदपुरी में आरोपी के खिलाफ धारा 25(1-B)(a) शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई उपरांत माननीय अदालत के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।