पुलिस प्रेस नोट दिनांक 11 सितंबर 2026
फरीदाबाद पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए AI पर कार्यशाला आयोजित
AI के फायदे, सीमाएं और पुलिस कार्य में प्रभावी उपयोग के तरीकों पर दी गई जानकारी
फरीदाबाद; पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर 21c मे आज Artificial Intelligence (AI) के विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को AI की कार्यप्रणाली, इसके लाभ एवं संभावित जोखिमों के संबंध में जागरूक करना रहा।
कार्यशाला में पुलिस उपायुक्त अपराध, श्री राजेश कुमार मोहन, सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय, श्री वरुण कुमार एवं फरीदाबाद पुलिस की विभिन्न Crime Branch के प्रभारी, Cyber Police Station एवं Cyber Cell के प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यशाला में DCP Crime श्री राजेश कुमार मोहन के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने AI से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। इस दौरान बताया गया कि AI कैसे कार्य करता है, Generative AI क्या है तथा AI टूल्स का सही एवं सुरक्षित तरीके से किस प्रकार उपयोग किया जा सकता है।
कार्यशाला में यह भी समझाया गया कि AI की सहायता से कम समय में अधिक प्रभावी कार्य किया जा सकता है, साथ ही AI के उपयोग के दौरान गोपनीयता, डेटा सुरक्षा, गलत जानकारी तथा इसके दुरुपयोग से जुड़े संभावित जोखिमों के प्रति भी सावधान रहने की आवश्यकता बताई गई।
कार्यशाला का संचालन श्री सुमित कुमार सिंह, Founder, GarageLabsTech.com (Garage Labs Technology) द्वारा किया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को AI के व्यावहारिक उपयोग से संबंधित जानकारी देते हुए AI Fundamentals, Prompt Engineering, ChatGPT एवं Claude के उपयोग, Connectors, Plugins एवं Integrations तथा पुलिसिंग एवं प्रशासनिक कार्यों में AI के वास्तविक उपयोग के बारे में प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने AI टूल्स का व्यावहारिक प्रदर्शन भी देखा और विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से AI के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग को समझा।
फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य है कि आधुनिक तकनीक एवं AI जैसे नए तकनीकी संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करते हुए पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, स्मार्ट एवं जनहितकारी बनाया जाए।
पुलिस प्रवक्ता, फरीदाबाद।