
हरदोई के लड्डू, लौझड़ और आलू-पूरी को मिलेगी नई पहचान, शुरू हुई ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना
हरदोई। उत्तर प्रदेश सरकार ने जनपदों के पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘एक जनपद एक व्यंजन’ (ओडीओसी) योजना की शुरुआत की है। हरदोई जनपद में लड्डू, लौझड़ और आलू-पूरी को इस योजना के तहत चिन्हित किया गया है। योजना के माध्यम से इन व्यंजनों से जुड़े कारीगरों, हलवाइयों, उद्यमियों और निर्यातकों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त उद्योग हर्ष प्रताप सिंह ने बताया कि 5 जून 2026 से लागू इस योजना का लाभ जनपद के वे सभी व्यक्ति और इकाइयाँ ले सकेंगी जो चिन्हित व्यंजनों से संबंधित व्यवसाय कर रहे हैं। योजना के लिए आवेदक का उत्तर प्रदेश का निवासी होना, आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होना तथा किसी बैंक या वित्तीय संस्था का डिफाल्टर न होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि लाभार्थियों को परियोजना लागत के आधार पर मार्जिन मनी अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना के अंतर्गत 25 लाख रुपये तक की परियोजना पर 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 6.25 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। बड़ी परियोजनाओं के लिए भी निर्धारित मानकों के अनुसार अनुदान की व्यवस्था की गई है।
योजना के तहत उत्पादों की मार्केटिंग, ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष सहायता प्रदान की जाएगी। स्थानीय, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के फूड मेले, व्यापार मेलों और प्रदर्शनियों में प्रतिभाग करने पर स्टॉल शुल्क, माल ढुलाई और यात्रा व्यय का बड़ा हिस्सा सरकार द्वारा अनुदान के रूप में वहन किया जाएगा।
प्रदेश स्तरीय मेलों में स्टॉल शुल्क का 75 प्रतिशत या अधिकतम 60 हजार रुपये तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में अधिकतम एक लाख रुपये तक की प्रतिपूर्ति की जाएगी। इसके अलावा माल ढुलाई और दो प्रतिनिधियों के यात्रा व्यय की भी प्रतिपूर्ति का प्रावधान है।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक उद्यमियों को विभागीय पोर्टल msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, हरदोई से संपर्क किया जा सकता है।
Bilgram, Hardoi | Jun 19, 2026