
परिहार में फर्जी आधार का खेल बेनकाब, दो गिरफ्तार
परिहार। सीतामढ़ी जिले के परिहार थाना पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए धामीटोल चौक स्थित एक दुकान में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से फर्जी आधार बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर दुकान की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो लैपटॉप, एक फिंगर प्रिंट स्कैनर, दो बायोमेट्रिक डिवाइस, एक आइरिस डिवाइस, दो वेब कैमरा, एक प्रिंटर, एक जीपीएस लेमिनेशन मशीन और 17 आधार कार्ड स्लिप बरामद की गईं। बरामद सभी सामानों को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरेन्द्र कुमार, निवासी हनुमान नगर, थाना बेला, जिला सीतामढ़ी और नितिश कुमार, निवासी अधगाई, थाना परिहार, जिला सीतामढ़ी के रूप में हुई है। इस मामले में परिहार थाना कांड संख्या 237/26 दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए फर्जी आधार कार्ड बनाने के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।