
कोचाधामन पुलिस ने 12 वर्षीय उमर हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा,आइसक्रीम विक्रेता गिरफ्तार
किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालक उमर आलम की हत्या के मामले का किशनगंज पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने हत्या के प्राथमिक अभियुक्त बादशाह रियासत को बहादुरगंज थाना क्षेत्र के एलआरपी चौक से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बादशाह रियासत आइसक्रीम ट्रॉली पर आइसक्रीम बेचने का काम करता था और उसी ने उमर की हत्या की।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल खून लगा पेड़ की टहनी, बिजली का तार तथा हत्या के समय पहना गया खून लगा कपड़ा बरामद किया गया है। वहीं, घटना स्थल से एफएसएल टीम ने बैटरी, एफएम बाजा, कैंची, आइसक्रीम ट्रॉली, एक जोड़ी चप्पल तथा जमीन पर गिरे खून के नमूने को भी जब्त किया है।
बताया गया कि 19 अगस्त 2026 को सुंदरबाड़ी दांती बस्ती के समीप कलवर्ट के पास नहर में 12 वर्षीय उमर आलम का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के बाद कोचाधामन थाना कांड संख्या 437/26, दिनांक 19.08.2026, धारा 103(1)/238 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, किशनगंज के निर्देश पर त्वरित उद्भेदन के लिए विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। SIT ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए प्राथमिक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामद सभी साक्ष्यों को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है तथा हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। Kishanganj Police District Kishanganj Bihar Police