
👉#कल से शुरू होगा ढाईघाट का ऐतिहासिक कार्तिक मेला, 24 नवंबर को होगा मुख्य स्नान पर्व
--#तीन लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, 33 लाख रुपये से जिला पंचायत कराएगी व्यवस्थाएं
शाहजहांपुर। फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर की सीमा पर स्थित ढाईघाट पर ऐतिहासिक कार्तिक मेला मंगलवार से शुरू होगा। 17 नवंबर से शुरू होकर 27 नवंबर तक चलने वाले मेले का मुख्य स्नान पर्व 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर होगा। इस दौरान करीब तीन लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेले को लेकर तैयारियां पूरी करने के लिए जिला पंचायत की ओर से व्यवस्थाएं कराई गई हैं। मेले की व्यवस्थाओं पर करीब 33 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 रैन बसेरे, 150 मोबाइल शौचालय और 200 हैंडपंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा मेले में झूले और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए भी व्यवस्थाएं की गई हैं। मेला क्षेत्र फर्रुखाबाद जनपद में होने के कारण पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी वहां का जिला प्रशासन संभालेगा, जबकि मेले की अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जिला पंचायत शाहजहांपुर के पास रहेगी। सैकड़ों वर्षों से ढाईघाट का कार्तिक मेला आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महावीर सिंह यादव ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।