Public App Logo
फाइल गायब, सवाल बेहिसाब! हाईकोर्ट के आदेश वाली पत्रावली पर पूर्व ईओ पर FIR शाहाबाद। नगर पालिका परिषद शाहाबाद के पूर्व अधिशासी अधिकारी केके सोनकर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। विजिलेंस की कार्रवाई के बाद अब हाईकोर्ट के आदेश से जुड़ी आउटसोर्सिंग की महत्वपूर्ण पत्रावली गायब होने के मामले में उनके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। वर्तमान अधिशासी अधिकारी सर्वेश कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि हाईकोर्ट की रिट संख्या 1638/2026 के आदेश के अनुपालन के लिए आउटसोर्सिंग से संबंधित पत्रावली की आवश्यकता थी। कार्यालय में तलाश करने पर पत्रावली नहीं मिली। अधिष्ठान लिपिक के अनुसार उक्त पत्रावली तत्कालीन ईओ केके सोनकर को दी गई थी, लेकिन उसे सौंपे जाने संबंधी कोई रिसीविंग कार्यालय में उपलब्ध नहीं है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पूर्व अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर और अधिष्ठान लिपिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दृगपाल सिंह गौर को सौंपी गई है। पुलिस अब पत्रावली के गायब होने की परिस्थितियों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जांच कर रही है। गौरतलब है कि 15 जून को विजिलेंस ने केके सोनकर को दो लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद अब पत्रावली गायब होने के मामले में दर्ज हुई दूसरी एफआईआर से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हाईकोर्ट के आदेश से जुड़ी महत्वपूर्ण पत्रावली आखिर कहां गई और उसके गायब होने के पीछे क्या वजह रही। - Bilgram News