
जनसुनवाई में एसपी का सख्त संदेश—हर फरियाद का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण हो निस्तारण
संतकबीरनगर। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान को लेकर संतकबीरनगर पुलिस गंभीर है। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का स्वयं अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षण किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।एसपी ने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद और मजबूत हो सके।उन्होंने कहा कि जनसुनवाई महज शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति पुलिस की जवाबदेही और संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक फरियादी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।संतकबीरनगर पुलिस ने दोहराया कि जनविश्वास, पारदर्शिता और उत्तरदायी पुलिसिंग के सिद्धांतों के तहत आमजन को बेहतर, संवेदनशील और समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस विभाग लगातार प्रयासरत है।