
नोएडा की एलिवेटेड रोड में बार-बार क्यों हो रहा था गड्ढा? IIT की जांच में सामने आई पैनल की कमजोरी, 21 दिन से बंद है रास्ता
नोएडा की करीब 4.8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड पर बार-बार गड्ढा होने की वजह सामने आ गई है. सेक्टर-27 से सेक्टर-61 को जोड़ने वाली इस सड़क पर सेक्टर-33 के सामने एक ही जगह दो बार गड्ढा हुआ था. पहली बार 18 अक्टूबर को गड्ढा दिखाई दिया, जिसकी मरम्मत कराई गई, लेकिन 20 अक्टूबर को उसी जगह दोबारा सड़क धंस गई. इसके बाद 21 अक्टूबर से सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाला रास्ता बंद है.
नोएडा प्राधिकरण ने IIT रुड़की से सड़क की मजबूती की जांच कराई. इसके लिए अमेरिका से अल्ट्रासोनिक गाइडेड वेव्स तकनीक के विशेषज्ञ भी बुलाए गए. इस आधुनिक तकनीक से बिना सड़क की ऊपरी परत तोड़े कंक्रीट के अंदर की कमजोरी और दरारों का पता लगाया गया. जांच में एलिवेटेड रोड के बाकी हिस्से सुरक्षित मिले, लेकिन गड्ढे वाले कंक्रीट पैनल में कमजोरी सामने आई है. यह पैनल करीब 11 मीटर लंबा और ढाई मीटर चौड़ा है.
इंजीनियरों को आशंका है कि निर्माण के दौरान कंक्रीट को जमाने के लिए इस्तेमाल किए गए वाइब्रेटर के अधिक कंपन से पैनल कमजोर हुआ होगा. हालांकि, इसकी वास्तविक वजह IIT रुड़की की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. प्राधिकरण ने जांच के लिए IIT को करीब 15 लाख रुपये दिए हैं. फिलहाल कम तोड़फोड़ के साथ नीचे से शटरिंग लगाकर प्रभावित हिस्से की मरम्मत करने की योजना है. इससे रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है.
#Noida #NoidaNews #NoidaElevatedRoad #IITRoorkee #NoidaTraffic #UttarPradeshNews #NoidaAuthority #Sector33Noida #RoadSafety #BreakingNews #UPNews