
सोरों में खड़ी बस में ट्रक ने मारी टक्कर, चालक गंभीर
वराह भगवान मूर्ति तिराहे पर हादसा, टक्कर के बाद सड़क पर पलटा ट्रक; दो घायल, चालक अलीगढ़ रेफर
सोरों। गुरुवार रात्रि करीब तीन बजे वराह भगवान मूर्ति तिराहे के पास सोरों-कासगंज मार्ग पर बदायूं की ओर से आ रहे ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे में बस चालक समेत दो लोग घायल हो गए। गंभीर घायल चालक को जिला अस्पताल से जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UK06CA2976 बदायूं की ओर से आ रहा था। वराह भगवान मूर्ति तिराहे के पास उसने सड़क किनारे खड़ी बस संख्या MP06ZD7725 में टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया। ट्रक में अप्पी फिज कोल्ड ड्रिंक भरी हुई थी।
दुर्घटना में बस चालक चंदगीराम पुत्र रघुवीर जोशी, निवासी ग्राम चिनोनी चंबल, थाना चिनोनी, जिला मुरैना गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मिल्की पत्नी नरेंद्र, निवासी ग्राम बराना, थाना देवगढ़, जिला मुरैना को मामूली चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही सोरों पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सोरों में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल कासगंज रेफर किया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चालक चंदगीराम को जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं मिल्की को प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के साथ भेज दिया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की स्थिति का जायजा लिया और मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
#Kasganjpolice