
जाम की समस्या से निजात के लिए जिला प्रशासन सख्त, अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान शुरू
The silence media news
पुरानी जी०टी० रोड एवं महाराजगंज रोड पर मुख्य सड़क और फुटपाथ पर दुकान-ठेला लगाने पर रोक, दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति
औरंगाबाद- जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुगम एवं नियंत्रित बनाए रखने तथा आमजनों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है।
शहर में मुख्य मार्गों एवं फुटपाथों पर फुटपाथी विक्रेताओं एवं ठेला चालकों द्वारा दुकान लगाने तथा अनियमित रूप से वाहनों की पार्किंग किए जाने के कारण यातायात बाधित होने एवं जाम की स्थिति उत्पन्न होने को देखते हुए प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत शहर के दो प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है।
इसके अंतर्गत पुरानी जी०टी० रोड में रमेश चौक से सब्जी मंडी होते हुए अदरी नदी तक तथा महाराजगंज रोड में रमेश चौक से रामाबाँध बस स्टैंड तक मुख्य सड़क एवं फुटपाथ पर किसी भी प्रकार की दुकान, ठेला अथवा अस्थायी विक्रय स्थल लगाने पर रोक रहेगी। आदेश का उल्लंघन कर पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित स्थलों पर अवैध वाहन पार्किंग की निगरानी की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा फुटपाथी विक्रेताओं एवं ठेला चालकों से अपील की गई है कि वे मुख्य मार्गों एवं फुटपाथ को स्वतः अतिक्रमणमुक्त रखें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। फुटपाथी विक्रेताओं को सर्विस लेन में व्यवस्थित करने की कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित किए बिना मुख्य सड़क पर आवागमन निर्बाध रखा जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे मुख्य मार्गों पर अनियमित वाहन पार्किंग न करें तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में प्रशासन का सहयोग करें।
#thesilencemedianews #abhilashasharmaias #upendranathvermaips #SPAurangabad #औरंगाबाद #aurangabad #अतिक्रमण