
काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा ज्ञापन, रखीं 4 बड़ी मांगें।
काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
*मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:*
*1. इंद्रपुरी जलाशय और सोन नहरों का आधुनिकीकरण*
सांसद ने कहा कि 1974 में बनी सोन नहर प्रणाली से 8 जिलों में सिंचाई होती है। बाणसागर और रिहंद डैम बनने के बाद सोन नदी में पानी की कमी हो गई है। 1990 में कदवन डैम का शिलान्यास हुआ था, लेकिन अब इंद्रपुरी जलाशय का निर्माण अति आवश्यक है। इससे किसानों को सिंचाई और नवीनगर थर्मल पावर प्लांट को भी पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
*2. दाउदनगर और डेहरी को जिला बनाने की मांग*
सांसद ने दाउदनगर और डेहरी को नया जिला बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि दाउदनगर, ओबरा, हसपुरा और गोह को मिलाकर दाउदनगर जिला तथा नौहट्टा से नासरीगंज तक सोन नदी के किनारे के प्रखंडों को मिलाकर डेहरी जिला बनाया जाए।
*3. पुनपुन नदी पर पुल की मांग*
ओबरा प्रखंड के महुआंव और विशुनपुरा के पास पुनपुन नदी पर पुल निर्माण की मांग रखी गई, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
*4. बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा*
मदार नदी की बाढ़ से गोह प्रखंड के कुड़वां समेत दर्जनों गांवों में फसलों और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन कर पीड़ित किसानों को मुआवजा देने की मांग की।
सांसद ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।