बैंक हड़ताल से थमा कामकाज, 5-डे वर्किंग की मांग को लेकर गरजे बैंककर्मी, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी।
औरंगाबाद
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को औरंगाबाद जिले में बैंकों में कामकाज ठप रहा। एकदिवसीय हड़ताल के कारण शहर की कई बैंक शाखाओं में सामान्य लेन-देन, कैश और चेक क्लियरिंग का काम प्रभावित रहा।
हड़ताल के समर्थन में बैंक कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह सभी बैंककर्मी SBI के PBB परिसर में एकत्रित हुए। वहां से पैदल मार्च करते हुए PNB के सर्किल कार्यालय पहुंचे, जहां दूसरे बैंकों के कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो गए। इसके बाद SBI और PNB के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से रमेश चौक तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की।
*मुख्य मांग: 5 दिन काम, 2 दिन छुट्टी*
बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांग सप्ताह में 5 दिन काम और शनिवार-रविवार को पूर्ण अवकाश लागू करने की है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर लंबे समय से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है, जिससे उनमें भारी आक्रोश है।
*तीन दिन तक परेशानी तय*
11 सितंबर शुक्रवार को हड़ताल, 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण लगातार तीन दिन तक शाखा आधारित बैंकिंग सेवाएं बाधित रहेंगी। हालांकि, इस दौरान ATM, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी।
*आगे और तेज होगा आंदोलन*
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा। संगठन की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल और 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
इस प्रदर्शन में प्रिंस गौरव क्षेत्रीय सचिव, सुमित सिंह सर्किल डेलीगेट, देव भूषण लेखाकार PBB, दीपक कुमार शाखा प्रबंधक PBB, अमित कुमार शाखा प्रबंधक सिमरा, राजीव कुमार सेवा प्रबंधक सहित जिले के सभी बैंक कर्मी उपस्थित रहे।