
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर कलेक्टर सख्त, हर मंगलवार होगी समीक्षा
19 शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण, शेष 6 को तीन दिन में निपटाने के निर्देश
छतरपुर। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के प्रभावी निराकरण के लिए कलेक्टर मृणाल मीना ने नई पहल शुरू की है। अब प्रत्येक मंगलवार शाम 4 बजे लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाएगी। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में शिकायतकर्ताओं को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से सीधे चर्चा कर निराकरण की स्थिति जानी। कुछ अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी जोड़ा गया।
समीक्षा के दौरान कुल 25 लंबित शिकायतों को लिया गया, जिनमें से 19 शिकायतों का शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के साथ निराकरण कराया गया। वहीं शेष 6 शिकायतों के संबंध में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए। शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।