
कलमा पढ़वाकर नाम रखा 'फिजा', बेटियों पर भी बनाया दबाव, पीड़िता बोली प्रेगनेंसी में भी हुआ रेप
गुजरात के बनासकांठा जिले के धानेरा तालुका स्थित पेगिया गांव में एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के अनुसार, आरोपी अख्तरशा फकीर और उसके तीन साथियों ने उसकी इच्छा के विरुद्ध अलग-अलग समय पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का दावा है कि उस समय वह गर्भवती थी, फिर भी उसके साथ जबरदस्ती की गई। विरोध करने पर मारपीट करने, जान से मारने और निजी पलों के वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे कथित तौर पर ब्लैकमेल किया गया।
महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी अख्तरशा फकीर ने पहले उसके साथ संबंध बनाए और बाद में उसका धर्म परिवर्तन कराया। आरोप है कि पेगिया गांव में एक मौलवी की मौजूदगी में उससे कलमा पढ़वाया गया और उसका नाम फिजा रख दिया गया। महिला का यह भी कहना है कि उसकी दोनों बेटियों का धर्म परिवर्तन कराने के लिए उस पर दबाव बनाया गया।
पीड़िता के मुताबिक, 21 जुलाई को उसके साथ मारपीट की गई। उसके कपड़े घर के बाहर फेंककर उसे कथित तौर पर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह पुलिस स्टेशन और सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंची।
महिला ने पहले भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। उसके अनुसार, उस समय कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी, लेकिन समझौते और हाईकोर्ट के आदेश के बाद वे जमानत पर बाहर आ गए। महिला का आरोप है कि बाहर आने के बाद फिर से उसके साथ वही व्यवहार किया गया।
DSP सीएल सोलंकी के मुताबिक, महिला ने चारों आरोपियों के खिलाफ दोबारा शिकायत दी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल सभी आरोप शिकायतकर्ता के हैं, जिनकी पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।