
पुष्पा स्टाइल में नदी के रास्ते शराब तस्करी की कोशिश, पुलिस को देख भागे तस्कर
सीतामढ़ी। शराब की सुरक्षित तस्करी के लिए तस्करों ने इस बार ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। नेपाल से भारतीय क्षेत्र में शराब की खेप पहुंचाने के लिए तस्कर नदी की धारा का सहारा ले रहे थे। बताया जा रहा है कि शराब से भरे बोरे नदी में बहाकर आगे सुरक्षित स्थान पर निकालने की योजना थी।
तस्करों का तरीका कुछ हद तक फिल्म ‘पुष्पा’ में दिखाए गए चंदन की लकड़ियों की तस्करी जैसा था। नदी की धारा के साथ खेप को बहाकर पुलिस नाके से आगे निकालने की कोशिश की जा रही थी। सोमवार की देर रात तस्करों ने इसी तरीके से शराब की बड़ी खेप भारतीय क्षेत्र में पहुंचाने का प्रयास किया।
हालांकि, पुलिस की सक्रियता के कारण तस्करों की योजना धरी की धरी रह गई। पुलिस ने नदी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए शराब से भरे कई बोरे बरामद कर लिए। पुलिस टीम को देखते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
बरामद शराब को जब्त कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।