
कैंचीधाम से भवाली तक खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे; एक प्रतिष्ठान को नोटिस
त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, मिठाई, खोया, शहद और सरसों तेल समेत कई खाद्य पदार्थों की होगी जांच
नैनीताल। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कैंचीधाम क्षेत्र से लेकर भवाली और भीमताल तक एक दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई की दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और किराना प्रतिष्ठानों से कुल 12 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
सोनपापड़ी, खोया और सरसों तेल के नमूने लिए
कैंचीधाम क्षेत्र के खींना पानी, सुयालबाड़ी, काकड़ीघाट, छड़ा, खैरना, गरमपानी और कैंचीधाम सहित आसपास के क्षेत्रों में खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से संदेह के आधार पर सोनपापड़ी, शहद, बाल मिठाई, खोया, गुलाब जामुन और सरसों तेल के कुल छह नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
नियमों का पालन नहीं करने पर एक प्रतिष्ठान को नोटिस
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों का पालन नहीं करने पर एक प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान को 15 दिन के भीतर कमियों का अनुपालन करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में अनुपालन नहीं होने पर कोर्ट चालान की कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अनुसार संबंधित प्रावधान के तहत धारा 55 में दो लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
भीमताल और भवाली में भी छह नमूने लिए गए
वहीं वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह के नेतृत्व में भीमताल और भवाली क्षेत्र में भी 10 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां से पेठा, बेसन लड्डू, बूंदी लड्डू, बताशा और बेसन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के छह नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
कालातीत खाद्य सामग्री के लिए अलग ड्रॉप बॉक्स के निर्देश
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि जनपद में त्योहारी सीजन को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान स्वामियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने, बिना बिल के खाद्य सामग्री की खरीद नहीं करने और स्टॉक का पूरा विवरण रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एक्सपायरी खाद्य सामग्री का विक्रय और भंडारण नहीं करने तथा ऐसी सामग्री के लिए अलग ड्रॉप बॉक्स रखने को कहा गया है। दुकानों और स्टोर में नियमित साफ-सफाई तथा कीट नियंत्रण के लिए दवाओं का छिड़काव करने के निर्देश भी दिए गए।
मिलावट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
असिस्टेंट कमिश्नर अजब सिंह रावत ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग आम जनता और खाद्य कारोबारियों को लगातार जागरूक कर रहा है। उन्होंने खाद्य प्रतिष्ठानों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं करने, पैक्ड उत्पादों पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच नंबर स्पष्ट अंकित रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, खरीद-बिक्री के बिल और कैश मेमो रखने तथा ग्राहकों को बिल देने और FSSAI लाइसेंस अथवा पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने को अनिवार्य बताया गया।
जनता से भी विभाग को सूचना देने की अपील
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, शिकायत या प्रयोगशाला जांच में नमूना फेल होने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि कहीं मिलावट की आशंका होने पर तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
संयुक्त टीम में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस संयुक्त निरीक्षण अभियान में असिस्टेंट कमिश्नर अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान, वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह, राजस्व विभाग से खैरना के राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
I7 News | जनहित में निष्पक्ष खबर
#I7News #NainitalNews #HaldwaniNews #FoodSafety #FoodDepartment #MilawatKhor #FoodInspection #KainchiDham #Bhowali #Bhimtal #UttarakhandNews #FoodAdulteration #त्योहारीसीजन #खाद्यसुरक्षा #मिलावटखोरोंपरकार्रवाई