
*एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान में युद्ध स्तर पर करें कार्य - कलेक्टर*
*किसानों को असंतुलित एवं अत्यधिक उर्वरक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति करें जागरूक*
*जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है खाद*
*भिण्ड 22 अगस्त 2026/*
कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक भिण्ड की अध्यक्षता में जिले के सभी शाखा प्रबंधक/बैंकिंग सहायक/समिति प्रबंधक/सहा. समिति प्रबंधक/संस्था कम्प्यूटर ऑपरेटर की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में पैक्स सदस्यता अभियान, केसीसी सैचुरेशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा, कालातीत ऋण बसूली, खाद अग्रिम भण्डारण एवं वितरण, सीएम हेल्प लाइन, ऋण वितरण पर चर्चा की गई। इस दौरान उप संचालक कृषि, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक भिण्ड सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देशित कर कहा कि शासन के निर्देशानुसार जिले में 20 अगस्त से 15 सितम्बर 2026 तक “एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान” संचालित किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य रबी वर्ष 2026-27 में किसानों को उर्वरकों का संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना, फसल की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक की अग्रिम उपलब्धता सुनिश्चित करना, ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ई-टोकन जनरेट करने तथा एग्रीस्टेक पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाना है। साथ ही पैक्स में अधिक से अधिक किसानों को सदस्य बनाना है। इन सभी कार्यों को युद्ध स्तर पर अभियान के तौर पर करें।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान को केवल पंजीयन तक सीमित न रखते हुए किसानों को एग्रीस्टेक एवं ई-विकास प्रणाली में उपलब्ध सुविधाओं की व्यावहारिक जानकारी भी दी जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। पैक्स के सदस्य किसानों को रबी फसल के लिए अग्रिम उर्वरक उठाव हेतु प्रेरित किया जाए। किसानों को असंतुलित एवं अत्यधिक उर्वरक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। अभियान अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है, बस हमें विकेन्द्रीकृत तरीके से वितरण की व्यवस्था जमानी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी का उत्तरदायित्व निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।