⬇️उत्तराखंड :- अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, अमित शाह और सीएम धामी ने किया सम्मानित!⬇️
देहरादून। राज्योत्सव समारोह के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2025 के लिए चयनित हेमंत पांडे को उत्तराखण्डी सिनेमा एवं कला जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
हेमंत पांडे ने अपने अभिनय के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखण्ड को विशिष्ट पहचान दिलाई है। भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले हेमंत पांडे का यह सम्मान प्रदेश की लोकसंस्कृति, क्षेत्रीय सिनेमा और कला जगत को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।