
*बंदरहिया में बदहाल बिजली व्यवस्था से ग्रामीण परेशान, लो-वोल्टेज और जर्जर तारों से हादसे का खतरा+*t
हरदोई/मल्लावां। ग्राम सभा फुलई के मजरा बंदारहिया में लंबे समय से विद्युत व्यवस्था बदहाल होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में आए दिन लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है, जिसके चलते पंखे, पानी की मोटर, फ्रिज, टीवी समेत अन्य विद्युत उपकरण सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पाते।
ग्रामीणों का कहना है कि मजरे में विद्युत लाइन के कई तार पुराने और जर्जर हो चुके हैं। आए दिन तार जलने या टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित होती रहती है। वहीं कई स्थानों पर विद्युत तार घरों के ऊपर से गुजर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार कम वोल्टेज और जर्जर विद्युत व्यवस्था के कारण घरेलू उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बना रहता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते विद्युत लाइनों की मरम्मत और व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मजरा बंदारहिया का स्थलीय निरीक्षण कराकर जर्जर तारों को बदलवाने, घरों के ऊपर से गुजर रहे तारों को सुरक्षित कराने तथा लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। साथ ही विद्युत भार के अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने अथवा आवश्यकता पड़ने पर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराने की भी मांग उठाई गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत व्यवस्था दुरुस्त होने से न केवल बिजली आपूर्ति बेहतर होगी, बल्कि संभावित हादसों पर भी रोक लग सकेगी। अब देखना होगा कि विद्युत विभाग इस समस्या को लेकर कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है।
#हरदोई #मल्लावां #बंदरहिया #बिजली_व्यवस्था #जनहित
Bilgram, Hardoi | Aug 18, 2026