
ड्यूटी से गायब रहना पड़ा भारी! पुलिस अधीक्षक ने 4 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित, विभाग में मचा हड़कंप
ड्यूटी में लापरवाही पर बड़ा एक्शन, 4 पुलिसकर्मी निलंबित
संतकबीरनगर। ड्यूटी के दौरान लापरवाही और कर्तव्य के प्रति घोर उदासीनता बरतना थाना दुधारा के चार पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के जनपद बस्ती आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पॉलिटेक्निक चौराहा, जनपद बस्ती में लगाई गई थी।
आरोप है कि थाना दुधारा में तैनात चारों पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर उपस्थित नहीं हुए। इसे पुलिस विभाग ने कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता माना।
निलंबित पुलिसकर्मियों में मुख्य आरक्षी प्रदीप सिंह विशेन, आरक्षी रंजन कुमार राजभर, आरक्षी भीम कुमार और आरक्षी दुर्गेश यादव शामिल हैं।
सभी के खिलाफ उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली, 1991 के नियम 17(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में चारों का संबद्धीकरण पुलिस लाइन संतकबीरनगर में रहेगा।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता या स्वेच्छाचारिता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।