
*हत्या की वारदात का मात्र 3 घंटे में किया खुलासा — चाकू मारकर युवक की हत्या करने का आरोपी CIA मिलगेट टीम ने किया गिरफ्तार : एसपी सिद्धान्त जैन*
हिसार, 24 अगस्त। हिसार पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत CIA मिलगेट टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आजाद नगर थाना क्षेत्र में चाकू मारकर युवक की हत्या करने के मामले को मात्र 3 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किये गये आरोपी की पहचान सोनु उर्फ चेला पुत्र बलवीर सिंह निवासी शास्त्री नगर हिसार के रूप में हुई है ।
*घटना का विवरण*
थाना आजाद नगर पुलिस को सूचना मिली कि पवन यादव पुत्र जीतलाल यादव, निवासी मोहित नगर, गंगवा, हिसार को किसी व्यक्ति ने चाकू मार दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल पवन यादव को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल हिसार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई आशीष यादव पुत्र प्रेमलाल यादव की शिकायत पर थाना आजाद नगर में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। CIA मिलगेट टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 3 घंटे के अंदर वारदात में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी तथा हत्या के कारणों के संबंध में गहनता से जांच की जा रही है।
एसपी सिद्धान्त जैन ने CIA मिलगेट टीम की तत्परता एवं उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर अपराधों में हिसार पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों के लिए हिसार में कोई स्थान नहीं है और हत्या सहित गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिसार पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी आपराधिक वारदात की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
Uklana, Hissar | Aug 24, 2026