कालका में ट्रैफिक पुलिस ने क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने वाले 8 ऑटो के काटे चालान, 1 इंपाउंड
पंचकूला/कालका/ 24 अगस्त:- बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और स्कूली बच्चों को क्षमता से अधिक बैठाकर ले जाने वाले ऑटो चालकों पर शिकंजा कसने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा सख्ती बरती जा रही है।
सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक के अनुसार आज कालका में ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने स्कूली बच्चों को क्षमता से अधिक बैठाकर ले जा रहे ऑटो की जांच की। चेकिंग के दौरान 8 ओवरलोड ऑटो के चालान किए, जबकि 1 ऑटो को मौके पर ही इंपाउंड कर दिया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों में ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए हैं कि ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को स्कूल भेजते समय ऑटो की स्थिति और उसमें बैठाए जा रहे बच्चों की संख्या पर ध्यान दें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नजर आने पर पुलिस को सूचित करें।
Uklana, Hissar | Aug 24, 2026