
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक ने किया स्कूलों का निरीक्षण
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक श्री हरजिंदर सिंह ने सीहोर जिले के ग्राम पिपलिया मीरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला और बिलकिसगंज के सांदीपनि स्कूल का निरीक्षण किया। ग्राम पिपलिया मीरा में उन्होंने कक्षा पहली एवं दूसरी के बच्चों के साथ बैठकर कक्षा शिक्षण का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी सीखने की स्थिति एवं समझ को जाना। उन्होंने विद्यार्थियों की अभ्यास पुस्तिकाएं देखीं और शिक्षिका द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। शिक्षिका संगीता परमार के शिक्षण प्रयासों एवं बच्चों के सीखने के स्तर को देखकर संचालक श्री हरजिंदर सिंह ने उनकी सराहना करते हुए राज्य शिक्षा केंद्र स्तर पर सम्मानित किए जाने हेतु विकासखंड स्त्रोत समन्वयक को निर्देशित किया।
बिलकिसगंज में सांदीपनि स्कूल में उन्होंने पूर्व प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों द्वारा सहज पुस्तिका पर किए जा रहे कार्य का अवलोकन किया तथा बच्चों के पढ़ने एवं सीखने की प्रक्रिया के संबंध में शिक्षिकाओं से चर्चा की। उन्होंने विद्यालय में संचालित एफएलएन कक्षाओं का भी निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पाठ्यपुस्तक वितरण, समग्र आईडी एवं अपार आईडी जनरेशन, आधार कार्ड बनवाने, गणवेश वितरण एवं छात्रवृत्ति सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी ली।
इस अवसर पर उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम संचालक श्री राकेश दुबे, राज्य शिक्षा केंद्र के श्री रमेश वर्मा, जिला परियोजना समन्वयक श्री आर आर उइके, सहायक परियोजना समन्वयक श्री चंद्रशेखर वर्मा, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री अशोक वर्मा, विकासखंड अकादमिक समन्वयक श्री गेंदराज विश्वकर्मा सहित विद्यालयों के प्राचार्य,जनशिक्षक, संकुल सह समन्वयक ,शिक्षक एवं शाला परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore