DM की पहल पर 24 घंटे में दिव्यांग छात्र को मिली ट्राई-साइकिल, पढ़ाई का रास्ता हुआ आसान
जमुई: जिला पदाधिकारी की त्वरित पहल से दिव्यांग छात्र मिथिलेश कुमार को महज 24 घंटे के भीतर निःशुल्क ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराई गई। सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर और जिला प्रशासन के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मिली शिकायत पर स्वतः संज्ञान लेते हुए डीएम ने संबंधित पदाधिकारी को तत्काल सहायता देने का निर्देश दिया था।
गिद्धौर थाना क्षेत्र के जलगोड़वा गांव निवासी मिथिलेश पैरों से चलने में असमर्थ हैं। इसके बावजूद वे प्रतिदिन करीब एक किलोमीटर की दूरी तय कर कोचिंग पढ़ने जाते थे। उनकी पढ़ाई के प्रति लगन को देखते हुए शिक्षक प्रदीप कुमार उन्हें निःशुल्क शिक्षा दे रहे हैं।
डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को बुनियाद केंद्र, खैरा में मिथिलेश को उनके अभिभावक और शिक्षक की मौजूदगी में ट्राई-साइकिल प्रदान की गई। इससे उनकी आवागमन संबंधी परेशानियां कम होंगी और पढ़ाई जारी रखने में सुविधा मिलेगी। ट्राई-साइकिल मिलने पर मिथिलेश, उनकी माता और शिक्षक ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
Jamui, Jamui | Nov 20, 2026