
आयुष्मान योजना में बड़ा बदलाव | SA News Chhattisgarh
नई दिल्ली | 15-11-2026: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव सामने आया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाले 112 बीमारियों के उपचार पैकेज, केवल सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित करने का प्रस्ताव रखा है। यह व्यवस्था 1 दिसंबर 2026 से लागू करने की तैयारी है।
दरअसल, पहले से 23 उपचार पैकेज सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित थे। अब इनमें 89 नए पैकेज जोड़ने का प्रस्ताव है। इनमें मोतियाबिंद का ऑपरेशन, हाई रिस्क डिलीवरी, गंभीर एनीमिया, मलेरिया, चिकनगुनिया, हेपेटाइटिस, फ्रैक्चर का उपचार, सिस्ट एवं फिस्टुला की सर्जरी तथा मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित कुछ उपचार शामिल हैं। इस बदलाव का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना और आम नागरिकों को सरकारी चिकित्सा संस्थानों में बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।
हालांकि, इस बदलाव का अर्थ यह नहीं है कि आयुष्मान कार्ड से निजी अस्पतालों में सभी प्रकार का इलाज बंद हो जाएगा। यह प्रतिबंध केवल निर्धारित उपचार पैकेजों पर लागू करने का प्रस्ताव है। इसके क्रियान्वयन में राज्यों के स्वास्थ्य प्राधिकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।आयुष्मान कार्डधारकों को सलाह है कि उपचार कराने से पहले संबंधित अस्पताल और राज्य की लागू व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। #AyushmanBharat #AyushmanCard #HealthNews #SANewsChhattisgarh