
मांडल में निकलेगी कल पांचवीं विशाल कावड़ यात्रा, गंगाजल से होगा हरनी महादेव का अभिषेक
महेश कुमार बिड़ला मीडिया प्रभारी मांडल भीलवाड़ा
मांडल। पूर्व राजस्व मंत्री रामलाल जाट के आयोजन में मांडल में पांचवीं विशाल कावड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया जाएगा।
कावड़ यात्रा प्रातः 8 बजे मांडल तालाब की पाल से प्रारंभ होगी। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रास्ते में आने वाले मंदिरों पर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा।
इसके बाद विशाल कावड़ यात्रा हरनी महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का भव्य अभिषेक किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यात्रा में बड़ी संख्या में कावड़ यात्री शामिल होंगे। यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, भजन-संगीत और कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु झूमते-गाते और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ेंगे।
कावड़ यात्रा को लेकर मांडल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल है। आयोजन को भव्य और श्रद्धापूर्ण बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।
स्थान : मांडल तालाब की पाल
समय : प्रातः 8:00 बजे
मुख्य पड़ाव : हरनी महादेव मंदिर