
सैकड़ों विद्यार्थियों ने लिया भाग, सीजेएम हरीश गोयल ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
Aonenews अरविन्द बक्शी
पलवल, 11 सितंबर हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण पंचकूला के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं चेयरपर्सन जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण पलवल राज गुप्ता के मार्गदर्शन में किशोरा विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बामनीखेड़ा में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण पलवल हरीश गोयल की विशेष उपस्थिति रही।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव डीएलएसए पलवल हरीश गोयल ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए शिविर में बताए गए विभिन्न कानूनी विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे और उन्हें अपनी समझ के अनुसार उत्तर देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक बच्चे के लिए आवश्यक है, क्योंकि इससे वे अपने अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक भी बन सकते हैं।
अधिवक्ता संजय सिंह वर्मा तथा पैरा लीगल वालंटियर नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, बाल-मित्र विधिक सेवाएं योजना-2024, पीड़ित मुआवजा योजना, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीडऩ से संरक्षण, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवाएं तथा नि:शुल्क विधिक सहायता सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं योजनाओं की जानकारी दी।
अधिवक्ता संजय सिंह वर्मा ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव, सडक़ सुरक्षा एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि विद्यार्थी स्वयं जागरूक बनकर अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी विषयों से संबंधित पंपलेट, जानकारीपरक सामग्री एवं कानूनी पुस्तिकाएं वितरित की गईं। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के अपराध, शोषण अथवा उत्पीडऩ की स्थिति में उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि कुमार ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी हरीश गोयल सहित अधिवक्ता संजय सिंह वर्मा, पैरा लीगल वालंटियर नरेंद्र सिंह तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह शिविर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा।