
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कोदो-कुटकी की सरकारी खरीदी के लिए किसानों के बेहद कम पंजीयन होने पर कलेक्टर राखी सहाय ने गहरी नाराजगी जाहिर की है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कृषि विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि संग्राम सिंह मरावी को कड़ी फटकार लगाई और विभागीय कार्यों में लापरावाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में जब पिछले साल और इस साल के पंजीयन के आंकड़ों की समीक्षा की गई, तो एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष जिले में लगभग 2500 किसानों ने कोदो-कुटकी की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए अपना पंजीयन कराया था, जबकि इस बार प्रशासनिक सुस्ती और जागरूकता की कमी के चलते अब तक मात्र 10 किसानों का ही रजिस्ट्रेशन हो पाया है। इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। आपको बता दें कि सरकार द्वारा कोदो-कुटकी के पंजीयन की अंतिम तिथि 4 नवंबर तय की गई है, जिसके चलते अब प्रशासन पर समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने का भारी दबाव है।
इसके अलावा, बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में चल रहे बीज परीक्षण (सीड टेस्टिंग) की प्रगति को लेकर भी विस्तृत जानकारी मांगी, लेकिन उपसंचालक कृषि इस पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिससे कलेक्टर की नाराजगी और बढ़ गई। कलेक्टर राखी सहाय ने कृषि विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि वे अपने कामकाज में पूरी तरह से गंभीरता लाएं और किसानों के हितों से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने कृषि अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मैदानी स्तर पर जाकर किसानों को फसल कटाई के बाद खेतों में नरवाई न जलाने के लिए जागरूक करें और इसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताएं।
#UmariaNews #CollectorRakhiSahay #KodoKutki #MadhyaPradesh #AgricultureDepartment #UmariaUpdates #KisanNews