औषधि निरीक्षक ने जावरा के मेडिकल स्टोरों का किया निरीक्षण।
औषधि निरीक्षक बलराम चौधरी द्वारा तहसील जावरा स्थित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विश्वकर्मा मेडिकल, हर्ष मेडिकल, धाकड़ मेडिकल, रूनवाल केमिस्ट एवं पाटीदार मेडिकल का निरीक्षण किया गया। दुकान मालिकों को दवाओं की खरीदी-बिक्री की जानकारी तीन दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समयावधि में जानकारी प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नारकोटिक्स औषधियों की उपलब्धता एवं क्रय-विक्रय की जांच भी की गई। साथ ही उचित स्थान पर लाइसेंस का प्रदर्शन, दुकानों पर फार्मासिस्ट की उपलब्धता, दुकानों की साफ-सफाई, एक्सपायरी दवाओं के लिए उचित व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, फ्रिज में संधारित की जाने वाली औषधियों का उचित रख-रखाव, बिना पंजीकृत चिकित्सक के पर्चे के शेड्यूल औषधियों का विक्रय नहीं करने तथा औषधियों के क्रय विक्रय अभिलेख का संधारण नियमानुसार रखने संबंधी दिशा निर्देश दिए गए।
#jansampark #ratlam
#MadhyaPradesh