
भौंडा गांव पहुंचे भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष, पुलिस कार्रवाई से सहमे ग्रामीणों का जाना हाल, महिलाओं ने सुनाई आपबीती
भरतपुर। वैर क्षेत्र के बहुचर्चित पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड के बाद भौंडा गांव में सियासी हलचल देखी जा रही है। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह भौंडा गांव पहुंचे। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए गांव की महिलाओं से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया।
गांव के मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं। महिलाओं ने नेताओं को गांव की मौजूदा हालत से अवगत कराया। महिलाओं ने बताया कि हत्याकांड के बाद से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे धर-पकड़ अभियान के चलते गांव के अधिकांश पुरुष गांव छोड़कर इधर-उधर चले गए हैं। गांव में अब केवल महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग ही बचे हैं। कई बुजुर्ग और महिलाएं बीमार हैं, उन्हें समय पर दवा और इलाज नहीं मिल पा रहा है। वहीं बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है, स्कूल बंद जैसे हालात हैं।
महिलाओं ने बताया कि इस समय रवि फसल की बुवाई का सीजन चल रहा है, लेकिन भय के कारण किसान अपने खेतों में नहीं जा पा रहे हैं, जिससे बुवाई का कार्य रुका हुआ है और किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। पुलिस अब तक इस प्रकरण में 17 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। ग्रामीण महिलाओं ने मांग की कि पुलिस सिर्फ दोषियों को पकड़े, निर्दोष ग्रामीणों को परेशान न किया जाए।
महिलाओं ने भावुक होते हुए कहा कि हत्याकांड के बाद गैर समाज का कोई नेता पहली बार हमारे गांव में हमारा दर्द सुनने आया है। उन्होंने कहा कि अब वे सभी महिलाएं एक साथ होकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, आईजी भरतपुर और जिला पुलिस अधीक्षक से मिलकर अपनी बात रखेंगी।
इस पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जो दोषी है, वह अवश्य पकड़ा जाएगा, लेकिन निर्दोष लोग गांव छोड़कर न भागें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।