#भरतपुर। जिले के रूपवास में उप जिला अस्पताल को कस्बे से करीब 6 किलोमीटर दूर नगला देविया में बनाए जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार से एसडीएम ऑफिस के बाहर धरना शुरू कर दिया है। एडवोकेट धीरज शुक्ला ने बताया कि सरकार द्वारा स्वीकृत उप जिला अस्पताल को कस्बे से दूर बनाए जाने से रूपवास और आसपास के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को आने-जाने के रास्तों और पर्याप्त साधनों की समस्या का सामना करना पड़ेगा, जिससे लोग इलाज के लिए भरतपुर या आगरा जाने को मजबूर होंगे और स्थानीय बाजार पर भी विपरीत असर पड़ेगा। इससे पहले भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन हुआ था, जिसे नगर निकाय चुनाव के कारण स्थगित किया गया था, लेकिन अब अस्पताल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में रोष बढ़ गया है और वे अस्पताल को कस्बे के पास ही बनाने की मांग पर अड़ गए हैं।