
1.82 करोड़ की तीन योजनाओं से झिलिया मुहल्ले के विकास को मिलेगी नई पहचान…
बेतिया नगर निगम क्षेत्र के अल्प विकसित झिलिया मुहल्ले के समग्र विकास के लिए नगर निगम ने बड़ी पहल की है। करीब 1.82 करोड़ रुपये की लागत से एक कम्युनिटी हॉल और दो पार्कों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए दोबारा निविदा जारी की गई है। नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम बोर्ड से पारित प्रस्ताव के आधार पर झिलिया में जन सुविधाओं के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष फोकस किया गया है। महापौर ने बताया कि 3 अगस्त 2026 को जारी निविदा के तहत डबल बीड प्रणाली से तीनों योजनाओं के लिए संवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक और योग्य संवेदक 21 अगस्त से 10 सितंबर 2026 के अपराह्न तीन बजे तक ई-प्रोक्योरमेंट वेबसाइट से निविदा दस्तावेज डाउनलोड कर आवेदन कर सकेंगे। निविदा अपलोड करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर है, जबकि तकनीकी बीड 11 सितंबर को खोली जाएगी। योजना के तहत झिलिया में 68.29 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक कम्युनिटी हॉल का निर्माण किया जाएगा। वहीं, 44.77 लाख रुपये की लागत से मौजूदा पार्क का सौंदर्यीकरण होगा। इसमें बेंच, लाइट, ग्रीन लैंडस्केपिंग और बच्चों के लिए आधुनिक झूले लगाए जाएंगे। इसके अलावा 69.41 लाख रुपये की लागत से नए झिलिया पार्क का निर्माण कराया जाएगा। तीनों योजनाओं की कार्यावधि तीन माह निर्धारित की गई है। पहली निविदा में संवेदकों की कम भागीदारी के कारण इसे दोबारा जारी किया गया है। इस संबंध में 24 अगस्त को प्री-बीड मीटिंग भी आयोजित की जाएगी। महापौर ने कहा कि कार्य समय पर पूरा होने पर झिलिया नगर निगम क्षेत्र का पहला ऐसा वार्ड होगा, जहां एक साथ सामुदायिक भवन और दो व्यवस्थित पार्कों की सुविधा उपलब्ध होगी। योजनाओं से स्थानीय लोगों को बेहतर जनसुविधाएं मिलने के साथ मुहल्ले के विकास को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
#champaran24news