
ठियोग विवाद मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच और आरोपी गिरफ्तार
ठियोग। ठियोग क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना ठियोग में इस संबंध में अभियोग संख्या 117/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16/17 अगस्त की रात बाईपास ठियोग के समीप पिछली रंजिश को लेकर मारपीट, चोट पहुंचाने और वाहनों को क्षतिग्रस्त करने की घटना सामने आई थी। मामले में BNS की धारा 115(2), 116, 191(2), 191(3), 190, 324(5), 351(3), 118(1), 118(2) और 126(2) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी विवाद से जुड़े अभियोग संख्या 115/2026 में पुलिस इससे पहले 18 अगस्त को विक्रान्त शर्मा, वंश शर्मा और किंशुक शर्मा को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में गुलू स्थित Fun Campus के समीप वाहनों से पहुंचे लोगों को कथित तौर पर धमकाने और हथियार होने की शिकायत सामने आई थी।
अभियोग संख्या 117/2026 में आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और गिरफ्तारी से बचने के लिए सामान्य ठिकानों से दूर हो गए। ठियोग पुलिस टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से संभावित ठिकानों और उपलब्ध सूचनाओं का लगातार विश्लेषण किया।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद 21 अगस्त 2026 को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित वर्मा उर्फ वेक्टा (28), अंकुश वेक्टा (22), कपिल वर्मा (27), साहिल (24) और पंकज वर्मा (27), सभी निवासी ठियोग, जिला शिमला, के रूप में हुई है।
सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि संवेदनशील मामलों में कानून के अनुसार निष्पक्ष एवं संयमित कार्रवाई की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
#Theog #Shimla #PoliceAction #Arrested #HimachalPradesh #CrimeNews