
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के परीक्षण एवं चिन्हांकन शिविर
जिले के सभी विकासखण्डों में 15 से 23 सितम्बर तक आयोजित होंगे शिविर
पात्र हितग्राहियों का परीक्षण एवं मूल्यांकन कर सहायक उपकरणों के लिए किया जाएगा चिन्हांकन
शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत “मेरी सेवा मेरा योगदान” के क्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, झाबुआ द्वारा ALIMCO, उज्जैन के सहयोग से जिले के सभी विकासखण्डों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में ADIP एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों का परीक्षण एवं मूल्यांकन कर आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया जाएगा।
शिविर प्रातः 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक आयोजित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 15 सितम्बर को जनपद सभाकक्ष रामा, 16 सितम्बर को जनपद सभाकक्ष थांदला, 17 सितम्बर को जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र झाबुआ, 18 सितम्बर को जनपद सभाकक्ष मेघनगर, 22 सितम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (पुराना अस्पताल) पेटलावद तथा 23 सितम्बर को जनपद पंचायत प्रांगण राणापुर में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज
ऐसे दिव्यांगजन एवं वृद्धजन, जिन्हें विगत 3 वर्षों में किसी शासकीय योजना के अंतर्गत सहायक सामग्री अथवा उपकरण प्राप्त नहीं हुए हैं, शिविर में पात्रतानुसार लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
ADIP योजना अंतर्गत दिव्यांगजन को UDID कार्ड, आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, BPL कार्ड/मनरेगा जॉब कार्ड अथवा आय प्रमाण-पत्र तथा 2 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। BPL कार्ड नहीं होने की स्थिति में निर्धारित आय सीमा संबंधी सक्षम अधिकारी अथवा सरपंच द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किया जा सकेगा।
राष्ट्रीय वयोश्री योजना अंतर्गत वृद्धजनों को आधार कार्ड, BPL कार्ड/मनरेगा जॉब कार्ड अथवा आय प्रमाण-पत्र तथा 2 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। सभी आवश्यक दस्तावेजों की 2-2 छायाप्रतियां साथ लाना अनिवार्य है।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने जिले के पात्र दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर शिविर का लाभ प्राप्त करें।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP