
महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के प्रयासों से झाबुआ जिले को बड़ी सौगात
धतुरिया से माही एप्रोच होते हुए लाबरिया मार्ग के निर्माण को मिली प्रशासकीय स्वीकृति
17.63 किमी लंबे मार्ग के लिए 62.99 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के प्रयासों से झाबुआ जिले को सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगात मिली है। जिले में ग्राम धतुरिया से माही एप्रोच होते हुए लाबरिया मार्ग के निर्माण के लिए राज्य शासन द्वारा 6299.39 लाख रुपये (लगभग 62.99 करोड़ रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
लोक निर्माण विभाग की वित्तीय व्यय समिति की 114वीं बैठक में अनुमोदन के उपरांत राज्य शासन द्वारा 17.63 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। मार्ग के निर्माण से क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के आवागमन को सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि धतुरिया से माही एप्रोच होते हुए लाबरिया मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग साबित होगा। इसके निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच अधिक सुगम होगी। क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Nirmala Bhuriya #Jhabua #JansamparkMP