
भरतपुर/डीग: सुन्दरावली कांड के आरोपी के साथ अस्पताल में बेड पर लेटे नजर आए पुलिसकर्मी, सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
भरतपुर। सुन्दरावली गांव में हुए खूनी संघर्ष और हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी का भरतपुर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस दौरान आरोपी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की एक तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर में तीन पुलिसकर्मी आरोपी के बेड के पास रखे तीन अलग-अलग बेड पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी की सुरक्षा और निगरानी के लिए तीन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस तस्वीर के सामने आने के बाद आरोपी की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि सुन्दरावली गांव में पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब जिला अस्पताल में आरोपी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की वायरल तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के मामले में पुलिस के उच्चाधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं, इस पर लोगों की नजरें टिकी हैं।
Weir, Bharatpur | Nov 11, 2026