चुनावी रंजिश में नवनिर्वाचित सरपंच की गाड़ी पर हमला, सरपंच सहित 3 जनों के साथ की गई मारपीट,
आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने के सामने जाम लगाने का प्रयास, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की
भरतपुर। वैर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत समराया में चुनावी रंजिश को लेकर नवनिर्वाचित सरपंच रणधीर सिंह की गाड़ी पर हमला कर तोड़फोड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण वैर थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। तीन दिन पहले की गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने और फिर से वारदात घटित होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने के सामने जाम लगाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समझाइश कर खुलवा दिया। पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
सरपंच रणधीर सिंह ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया है।10 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे सरपंच रणधीर सिंह ग्राम समराया में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने गए थे। इसी दौरान राहुल, अजीत, कुमरसिंह, चन्द्रभान, मोहित सहित कुछ अन्य लोग ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और उनकी गाड़ी के सामने लगा दिया। इसके बाद सरपंच को गाड़ी से नीचे खींचकर गाड़ी में तोड़फोड़ की गई तथा उनके साथ मारपीट की गई।
रिपोर्ट में सरपंच के मुंह और शरीर पर चोटें आने की बात कही गई है। वहीं उनके साथ मौजूद अंकित और चालक नीतेश के साथ भी लाठी-डंडों एवं लात-घूंसों से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और घायलों का मेडिकल करवाने की मांग की।
सरपंच रणधीर सिंह सहित ग्रामीणो ने बताया कि तीन दिन पहले भी झगड़ा किए जाने को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन तीन दिन में उचित कार्रवाई नहीं होने से मंगलवार को फिर से वारदात हुई। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और चुनाव में हार की वजह से सरपंच व उनके समर्थकों पर मारपीट का भय बनाने का कार्य किया जा रहा है। पुलिस द्वारा भी आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं किए जाने से उनके हौसले बुलंद है।
Weir, Bharatpur | Nov 10, 2026