सेवल मंदिर में साकार हुआ गोवर्धन धाम, 11 देसी गायों के गोबर से बनाया भव्य पर्वत
सीकरी (डीग)। गोवर्धन पूजा के अवसर पर सीकरी के सेवल मंदिर में ब्रज संस्कृति और कृष्ण भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। मंदिर परिसर में ब्रज की पवित्र रज और 11 देसी गायों के गोबर से भव्य गोवर्धन पर्वत बनाया गया। इसमें मानसी गंगा के झरने सहित ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के प्रमुख मंदिरों, तीर्थस्थलों और कुंडों की आकर्षक झांकी सजाई गई। झांकी को देखकर श्रद्धालु गोवर्धन धाम के साक्षात दर्शन का अनुभव करते नजर आए।
मंदिर के जमुनाजीवन कृष्णदास जी ने बताया कि इस झांकी को तैयार करने में दो सप्ताह से अधिक समय लगा। गोवर्धन पूजा के दौरान गिरिराज महाराज को छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा गोमाता का पूजन कर आरती की गई।
मंदिर की गोशाला में तैयार गोबर के दीयों से करीब 5 हजार श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। हजारों दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। दिनभर हरिनाम संकीर्तन से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
जमुनाजीवन कृष्णदास जी ने कहा कि गोवर्धन लीला भगवान श्रीकृष्ण की शरणागति, गोसेवा, प्रकृति संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा का संदेश देती है।
Weir, Bharatpur | Nov 10, 2026