
टीबी मरीजों के लिए आगे आया समाज, 55 रोगियों को मिली पोषण पोटली
#छपरा, 22 अगस्त। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों को इलाज के साथ पोषण सहायता उपलब्ध कराने की पहल जारी है। इसी क्रम में साधनापुरी स्थित ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर गोद लिए गए 55 टीबी मरीजों के बीच छठे महीने की पोषण पोटली का वितरण किया गया।
जिला यक्ष्मा केंद्र के जिला योजना समन्वयक (डीपीसी) हिमांशु शेखर ने मरीजों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच कराने और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार नियमित दवा लेने की अपील की। उन्होंने समिति द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेकर लगातार पोषण सहायता उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।
एसटीएस मुकेश कुमार ने कहा कि टीबी के उपचार में नियमित दवा के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार भी महत्वपूर्ण है। वहीं संस्था की संस्थापिका सह सचिव डॉ. अंजू सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 55 मरीजों को पोषण पोटली देने के साथ उनका वजन भी दर्ज किया गया। मरीजों से संबंधित डीबीटी और अन्य समस्याओं के समाधान में भी सहयोग किया गया।
संस्था की ओर से निश्चय मित्रों के माध्यम से मरीजों का लगातार फॉलो-अप लिया जा रहा है, ताकि उपचार के दौरान उन्हें आवश्यक सहयोग मिल सके।
कार्यक्रम में डीपीसी हिमांशु शेखर, एसटीएस मुकेश कुमार, डॉ. अंजू सिंह, वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र रस्तोगी, रुपेश कुमार सिंह, प्रीति शाही, मणि शाही, सद्दाम हुसैन और सुमन सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
#TBMuktBharat #TBHaregaDeshJitega #TBFreeIndia #Chhapra #Saran #TBPatients
Chapra, Saran | Aug 22, 2026