
कर्मचारियों की मांगें मानकर निर्बाध आपूर्ति बहाल करे सरकार: मुकेश प्रजापति
फतेहाबाद।
राज्यभर में बिजली कर्मचारियों के आंदोलन और गहराते बिजली संकट के बीच युवा कांग्रेस नेता मुकेश प्रजापति ने बिजली कर्मचारियों की मांगों का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि बिजली के निजीकरण का फैसला तुरंत वापस लिया जाए, कर्मचारियों की जायज मांगें मानी जाएं और आम जनता को इस संकट से राहत दिलाई जाए। मुकेश प्रजापति ने सरकार के रवैये पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि तानाशाही रवैया छोड़कर सरकार को संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए। जनता ने बहुत उम्मीद और विश्वास के साथ सरकार को चुना है, कोई गुनाह नहीं किया। ऐसे में जनता को अंधेरे में रखना और बिजली संकट झेलने देना किसी भी तरह से उचित नहीं है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बीती रात पूरे हरियाणा में ब्लैकआउट जैसी स्थिति देखने को मिली, जिसके कारण खेतों-खलिहानों और पशुओं के लिए पानी तक का संकट खड़ा हो गया। सरकार से इस तरह की बदइंतजामी की उम्मीद नहीं थी। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि बिजली कर्मचारी हमारे अपने परिवार का हिस्सा हैं, कोई पराए नहीं हैं। सरकार जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकाले, ताकि कर्मचारियों को न्याय मिल सके और जनता को निर्बाध रूप से बिजली की आपूर्ति हो सके।