
बिरौल के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी का तबादला, संजीव शेखर झा को मिली नई जिम्मेदारी
पटना: बिहार सरकार के गृह विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर बिहार पुलिस सेवा के दो पदाधिकारियों का तबादला किया है। दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक नई जगहों पर पदस्थापित किया गया है।
जारी अधिसूचना के तहत, दरभंगा के बिरौल में अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी के पद पर तैनात श्री प्रभाकर तिवारी को स्थानांतरित कर पटना भेजा गया है। कैमूर के रहने वाले और 2013 (53वीं-55वीं) बैच के सीधी नियुक्ति वाले श्री तिवारी को अब पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) कार्यालय, बिहार, पटना में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थापित किया गया है।
वहीं, दूसरी ओर पटना में पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) कार्यालय में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के रूप में कार्यरत श्री संजीव शेखर झा को बिरौल, दरभंगा का नया अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। मधुबनी जिले के निवासी श्री झा 2024 में पुलिस निरीक्षक से कार्यकारी प्रभार (पु०नि० से का०प्र०) के तहत इस पद पर आए थे। गृह विभाग ने पुलिस महानिदेशक, बिहार से इस तबादले के अनुरूप गत्यादेश निर्गत करने का अनुरोध किया है।
Bihar, India | Nov 11, 2026