
विद्यार्थियों ने किया जिला न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण
---
“सशक्त युवा–सशक्त भारत”* अभियान के तहत हॉली स्पिरिट स्कूल, खंडवा के कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को जिला एवं सत्र न्यायालय, खंडवा का शैक्षणिक एवं विधिक जागरूकता भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा के कार्यालय में प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, विधिक सेवाओं तथा जिला न्यायालय की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम एवं उपभोक्ता अधिकार, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण "पाक्सो" अधिनियम तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विधिक प्रावधानों की सरल भाषा में जानकारी दी गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर का भ्रमण कराया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने न्यायालयीन कार्यवाही एवं न्यायालय की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझा। न्यायाधीश द्वारा विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें न्यायालय की कार्यप्रणाली एवं न्यायिक प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त करते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका न्यायाधीश द्वारा सरल एवं सहज तरीके से समाधान किया गया। न्यायालय भ्रमण के बाद विद्यार्थी पुनः जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे, जहां उनके मन में उत्पन्न अन्य विधिक एवं न्यायिक जिज्ञासाओं का समाधान श्री पीयूष भावे, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह के द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में हॉली स्पिरिट स्कूल, खंडवा की प्राचार्या सिस्टर रोज एंथनी के साथ विद्यालय के शिक्षक श्री नितिन पाराशर, श्रीमती प्रीति साकले, श्रीमती ओलिविया मार्टिन, श्रीमती रीना कानुगो, श्रीमती स्वाति यादव, श्रीमती अंजली रौतेला, श्री संतोष गायकवाड़ एवं श्री जुनेद खान उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#khandwa