
सोम ग्राम में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार
संडीला (हरदोई)। विकास खंड संडीला की ग्राम सभा मुरार नगर सोम में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में लंबे समय से सफाईकर्मी के नियमित रूप से कार्य पर न आने के कारण जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
गांव निवासी विवेक कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी हरदोई को शिकायती पत्र देकर गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाईकर्मी द्वारा नियमित रूप से सफाई कार्य नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते नालियां चोक हो गई हैं और सड़कों के किनारे कूड़ा जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और गांव का वातावरण दूषित होता जा रहा है। बरसात के मौसम में गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने तथा संक्रामक रोग फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर गांव में नियमित सफाईकर्मी की उपस्थिति सुनिश्चित कराने और साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर गांव को गंदगी से मुक्ति दिलाएगा।
Bilgram, Hardoi | Jun 21, 2026