
संभावित सूखे को लेकर कृषि विभाग अलर्ट, किसानों को जल संरक्षण और वैकल्पिक फसल प्रबंधन अपनाने की सलाह
डिंडौरी खरीफ सीजन 2026 में संभावित अल-नीनो प्रभाव और सामान्य से कम वर्षा की आशंका को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने किसानों से वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने, जल संरक्षण को प्राथमिकता देने तथा मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप फसल प्रबंधन करने की अपील की है, ताकि संभावित सूखे के प्रभाव को कम किया जा सके।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के दिशा-निर्देशों के आधार पर जारी सलाह में किसानों को खेत तालाब, चेक डैम, वर्षा जल संचयन संरचनाओं एवं मृदा नमी संरक्षण उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। विभाग "खेत का पानी खेत में" और "गांव का पानी गांव में" अभियान के माध्यम से वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा दे रहा है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यदि मानसून 2 से 4 सप्ताह तक विलंबित होता है तो किसान बाजरा, रागी, मूंग, उड़द, लोबिया एवं तिल जैसी अल्पावधि और सूखा-सहिष्णु फसलों की बुवाई करें। वहीं यदि मानसून चार सप्ताह से अधिक विलंबित हो, तो मोटे अनाज, दलहन एवं चारा फसलों को प्राथमिकता देना अधिक लाभकारी रहेगा।
विभाग ने यह भी सलाह दी है कि फसल स्थापित होने के बाद वर्षा रुकने की स्थिति में खेतों में नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग, मिट्टी चढ़ाना, खरपतवार नियंत्रण तथा पोषक तत्वों के पर्णीय छिड़काव जैसे उपाय अपनाए जाएं। जहां संभव हो, खेत तालाबों एवं सामुदायिक जलाशयों से जीवन रक्षक सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कृषि विभाग ने किसानों से मौसम आधारित कृषि सलाह का नियमित पालन करने, आकस्मिक फसल योजना अपनाने, संतुलित उर्वरकों का उपयोग करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने का आग्रह किया है। विभाग ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्रों एवं कृषि विभाग द्वारा समय-समय पर मौसम पूर्वानुमान और वैज्ञानिक कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी किसानों तक पहुंचाई जाएगी।
कृषि विभाग का कहना है कि बदलती जलवायु परिस्थितियों में वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप खेती अपनाकर किसान संभावित सूखे के प्रभाव को काफी हद तक कम कर सकते हैं तथा खरीफ फसलों का उत्पादन सुरक्षित रख सकते हैं।
#DindoriNews
#Kharif2026
#ElNino
#DroughtAlert
#WaterConservation
#SaveWater
#ClimateSmartAgriculture
#FarmersFirst
#ICAR
#KrishiVigyan
#CropManagement
#Millets
#NaturalFarming
#PMFBY
#AgricultureNews
#MadhyaPradesh
#MPNews
#BreakingNews
#ViralNews
#JaiKisan